आज की खबर

राजधानी में अब फार्महाउसों की शान बना हुक्का… तेलीबांधा में फार्महाउस पर छापा, बर्थडे पार्टी में हर टेबल पर हुक्का… पुलिस को देखकर मालिक भागा, 9 हुक्के-खतरनाक फ्लेवर जब्त

राजधानी में आईजी अमरेश मिश्रा से लेकर एसएसपी डा. लाल उमेद सिंह तक की निगाहें हुक्के पर लाल-पीली हैं। ताबड़तोड़ कार्रवाई करके पुलिस ने किसी तरह वीआईपी रोड समेत शहर के होटलों-रेस्तरां में हुक्के को कंट्रोल किया है। दुकानदारों को पकड़-पकड़कर जेल में ठूंसा गया है, लेकिन हुक्का पीने-पिलाने वालों ने अब फार्महाउसों का रास्ता तलाश लिया है। बुधवार रात पुलिस ने तेलीबांधा के आदित्य फार्महाउस में छापा मारा, तो भीतर का नजारा देखकर अफसर भी दंग रह गए। वहां नौ टेबल पर हुक्के सजे थे,  वह भी खतरनाक फ्लेवर्स के साथ। गुस्साई पुलिस ने यह देखकर सीधे फार्महाउस संचालक की तलाश शुरू की, लेकिन भनक लगते ही वह फार्महाउस से निकल गया। मौके पर पुलिस को हुक्का पीने वालों के अलावा केवल हुक्का पार्टी का आर्गेनाइजर विकास सिंह बरोई ही मिला। वह भी रायपुर नहीं बल्कि कोलकाता का रहनेवाला है। उसने बताया कि फार्म हाउस के संचालक ने बर्थडे पार्टी करवाई थी। फिलहाल पुलिस ने 9 हुक्का पाट और फ्लेवर जब्त करते हुए पार्टी आर्गेनाइजर पर कई धाराओं में कार्रवाई की है। फार्महाउस के संचालक की तलाश की जा रही है। इधर, यह मामला उजागर होने के बाद एसएसपी डा. लाल उमेद सिंह ने अफसरों को निर्देश दिया है कि फार्महाउसों की पार्टी पर भी नजर रखी जाए। जिस भी फार्महाउस में, चाहे वह किसी का भी हो, अगर हुक्का अथवा नशे जैसी  गतिविधियों की सूचना मिलती है, आला अफसरों के कोआर्डिनेशन के साथ छापेमारी की जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button