मिस्ड काल से भाजपा के 3 दिन में 4 लाख सदस्य, शुरू होगी स्क्रूटनी… कल सीएम साय व प्रमुख नेता एक-एक बूथ में जाएंगे

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान 3 दिन में मोबाइल पर मिस्ड काल के जरिए ही 4 लाख से ज्यादा लोगों के पार्टी के सदस्य बन गए हैं। इस आंकड़ें ने अभियान में लगे नेताओं-कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। गुरुवार को पार्टी की सदस्यता अभियान की छत्तीसगढ़ प्रभारी विजया राहटकर ने छत्तीसगढ़ में भाजपा के सदस्यता अभियान की प्रगति की सराहना की है। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जो भी सदस्य बन रहे हैं, उनकी स्क्रूटनी की जाएगी और दागियों को हटाया जाएगा। इस बीच, सदस्यता अभियान को और गति देने के लिए पार्टी के प्रमुख नेताओं के शनिवार से एक-एक बूथ पर दौरे शुरू हो रहे हैं। कल सीएम विष्णुदेव साय राजधानी में खम्हारडीह इलाके में नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड के बूथ नंबर 94 में जाएंगे। इसी तरह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव जगदलपुर और संगठन महामंत्री पवन साय माना के एक बूथ का दौरा करेंगे।
सदस्यता अभियान की समीक्षा के लिए रायपुर पहुंची भाजपा की राष्ट्रीय सचिव राहटकर ने इस अभियान में जुड़े प्रदेश के नेताओं के साथ कुशाभात्र ठाकरे परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नेताओं-कार्यकर्ताओं के लोगों से सीधे संपर्क के कारण छत्तीसगढ़ में अभियान को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने बताया कि फोन नंबर 8800002024 पर मिस्ड कॉल करके, क्यूआर कोड स्कैन करके, नमो एप और भाजपा की वेबसाइट पर जाकर भाजपा की सदस्यता ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को संसद सदस्य, 12 सितंबर को विधायक-विधायक प्रत्याशी, 13 सितंबर को नगरीय निकाय के सभी जनप्रतिनिधि और 14 सितंबर को पंचायती संस्थाओं के जनप्रतिनिधि सदस्यता अभियान में जुटेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, सदस्यता संयोजक अनुराग सिंहदेव, संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, नवीन मार्कण्डेय, शालिनी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।