छत्तीसगढ़ में नए वन बल प्रमुख (HOFF) के लिए डीपीसी… पैनल में सीनियर अफसरों कौशलेंद्र और अरुण पांडे के नाम… सीएम साय चुनेंगे इनमे से एक

छत्तीसगढ़ के नए वन बल प्रमुख (HOFF) और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) के चयन के लिए आज 25 मई को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई है।l वन महकमे के नए मुखिया की रेस के लिए दो वरिष्ठ आईएफएस अफसरों का नाम फाइनल कर पैनल तैयार किया गया है। इस पैनल में दो सीनियर अफसरों कौशलेंद्र कुमार और अरुण कुमार पांडे का नाम होने की खबर है। तैयार किए गए इस दो सदस्यीय पैनल को अब अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा। जिसके बाद नए वन बल प्रमुख के नाम की आधिकारिक घोषणा और आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ के वर्तमान वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त (Retire) हो रहे हैं। इसलिए यह कवायद की जा रही है। इससे पहले प्रशासनिक फेरबदल और वन विभाग के नए अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) मनोज पिंगुआ के प्रभार संभालने की व्यस्तताओं के चलते डीपीसी बैठक को कुछ समय के लिए आगे बढ़ाया गया था। शासन की प्राथमिकता वर्तमान प्रमुख के रिटायरमेंट से ठीक पहले ही नए ‘फॉरेस्ट बॉस’ के चयन की प्रक्रिया पूरी करने की थी, ताकि सुचारू रूप से कार्यभार सौंपा जा सके।



