कांग्रेस का ईडी ऑफिस के सामने धरना… बैज भूपेश महंत के एजेंसी पर तीखे हमले… बोले- हम गीदड़ भभकी से नहीं डरते

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में छापा और पदाधिकारी को पूछताछ के नाम पर घंटों बिठाने के कारण ईडी के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को ईडी ऑफिस के सामने धरना दिया। धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ईडी की कार्यप्रणाली पर तीखे प्रहार किए हैं।
धरने में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार राजनीतिक दल के दफ्तर पर सेंट्रल एजेंसी आती है और है और सम्मन तामील करती है। हमारे महामंत्री जानकारी देने ईडी ऑफिस गए तो उन्हें घंटों बैठालकर प्रताड़ित किया जाता है। बैज ने आरोप लगाया कि ईडी भाजपा के अनुषांगिक संगठन की भांति काम कर रही है जो सर्वथा अस्वीकार्य है। ईडी में साहस है तो वह भाजपा के 150 करोड़ रू. की लागत से बने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे को बनाने का रुपया कहां से आया, इसकी जांच करे? एकात्म परिसर को व्यवसायिक काम्प्लेक्स में तब्दील कर दिया गया जहां से 1.5 करोड़ रूपया किराया भाजपा वसूलती है, क्या ईडी उसकी जांच करेगी?
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि दुर्भाग्य की बात कि ईडी राजीव भवन तक आ गयी थी। डबल इंजन की सरकार में ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा हैं भाजपा के इशारे पर ईडी कार्यवाही कर रही है। डबल इंजन की सरकार में विपक्ष के यहां छापा मारा जाता है। भाजपा की सरकार सूची बनाकर ईडी को देती है और छापा मारने का आदेश देती है। विपक्ष को परेशान करने के लिये भाजपा ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करती है। भाजपा विपक्ष को कमजोर करना चाहती है। विपक्ष जनहित मुद्दे उठाती है तो भाजपा विपक्षी दलों यहां ईडी को छापा मारने को कहती है। लेकिन विपक्ष इन कार्यवाही से डरने वाले नहीं है। इसी तरह चुनाव आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति भी साजिश के तहत की गयी। यह संविधान के खिलाफ है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार तानाशाह हो गयी है। छत्तीसगढ़ के जिला पंचायत और जनपद चुनाव में गड़बड़ी हुयी है। भाजपा जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य लोगों को डरा रही है। पैसों का लालच देकर अपने पक्ष में लाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ईडी के खिलाफ प्रदर्शन करने आये हैं। ईडी वहां जाती है जहां उनके आका निर्देश देते है। मनी लांड्रिंग और भ्रष्टाचार जहां हुआ, वहां ईडी नही जाती हैं। भूपेश बघेल ने बताया कि राजीव भवन और पुराना कांग्रेस भवन जो अंग्रेजों के जमाने में दान से बना है उसके बारे में भी पूछ सकते है। कांग्रेस ने 15 साल विपक्ष में रहने के दौरान अपने कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से राजीव भवन बनाया था। जन सहयोग से कांग्रेस भवन बनाना कांग्रेस की परंपरा रही है। रायपुर का ऐतिहासिक कांग्रेस भवन भी आजादी की लड़ाई के दौरान छेर-छेरा पुन्नी के त्योहार के दौरान मांगे गये दान से बनाया गया था, जहां से कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ा था। ईडी ने कोर्ट में पेश किया है 72 करोड़ में भवन बना है। हम तो एक-एक पैसे का हिसाब दे देंगे। कांग्रेस हमेशा जन सरोकार के मुद्दे को उठाते रहेगी। इससे भाजपा घबरा गयी है। अब जनता भी समझ चुकी है। लेकिन हम सबको सतर्क रहना होगा। सबको मिलकर लड़ने की जरूरत है।
धरने में एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी जरिता लैतफलांग, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, सत्यनारायण शर्मा, शिव कुमार डहरिया, अमरजीत भगत, सुशील आनंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के विधायक एवं पूर्व विधायक, पदाधिकारी उपस्थित थे।