बृजमोहन ने दानी स्कूल को सभागार के लिए 50 लाख रुपए दिए…साइकिल बांटी, खुद भी चलाई
सांसद, पूर्व मंत्री तथा छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को दानी स्कूल में आडिटोरियम के लिए 50 लाख रुपए का ऐलान किया, तो स्कूल प्रबंधन से लेकर छात्राओं तक के चेहरे खिल उठे। बृजमोहन शाला प्रवेश उत्सव के लिए रायपुर की सबसे बड़ी और पुरानी दानी गर्ल्स स्कूल में प्रवेशोत्सव में शामिल हुए। यह स्कूल उत्कृष्ट विद्यालयों में एक है। सांसद बृजमोहन ने इस मौके पर स्कूल परिसर में अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाया। उन्होंने 10वीं और 12वीं की मेघावी छात्राओं तथा खेलकूद, संगीत और एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया, फिर छात्राओं को स्कूल यूनिफार्म, कापी-बुक्स और साइकिलें बांटीं। साइकिल बांटते हुए बृजमोहन इतने खुश हुए कि खुद एक साइकिल उठाई और चलाने लगे।
प्रवेशोत्सव पर हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छात्राओं की शिक्षा न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन को सुधारती है बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लड़कियों को शिक्षित करना हम सभी की अहम जिम्मेदारी है। मां के नाम पेड़ लगाने के बाद बृजमोहन ने अपने संबोधन में कहा कि मां के नाम पर पेड़ लगाना, मां की सेवा, त्याग, प्रेम, सम्मान और श्रद्धा प्रकट करने का एक तरीका है। यह एक स्थायी स्मारक तो है ही, पर्यावरण तथा समाज के लिए भी बेहद फायदेमंद है।
पूरे प्रदेश में सबसे प्रतिष्ठित गर्ल्स स्कूल
सांसद बृजमोहन ने कहा कि जेआर दानी स्कूल पूरे छत्तीसगढ़ में लड़कियों का सबसे उत्कृष्ट स्कूल है। यहां से पढ़ी छात्राएं आज प्रदेश और देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मंत्री रहते हुए वर्षों पहले उन्होंने यहां पर छात्रावास का निर्माण कराया था, जिसका फायदा आज हजारों छात्राओं को हो रहा है। अब सभागार बनाना है, जिसके लिए उन्होंने 50 लाख रुपए की घोषणा की। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष तिवारी, पार्षद डॉ सीमा कंदोई, डीईओ विजय खंडेलवाल, प्रभारी प्राचार्य हितेश दीवान, मनोज वर्मा, मृत्युंजय दुबे, सरिता वर्मा, सविता दुबे समेत शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।