दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा सरकार… सीएम रेखा गुप्ता और 6 मंत्रियों की शपथ… सीएम साय भी शामिल, दी बधाई

दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई। पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता और उनके 6 मंत्रियों ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में गुरुवार को शपथ ले ली। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय समेत देशभर के कई मुख्यमंत्री शामिल हुए। सीएम साय ने सीएम रेखा गुप्ता को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दिल्ली में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।
दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता पहली बार शालीमार बाग सीट से विधायक बनी हैं। सीएम के लिए उनका नाम आरएसएस ने आगे बढ़ाया था। कल रात उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया था। शपथ लेने के तुरंत बाद रेखा को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। उनके शपथ ग्रहण में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और आतिशी नहीं पहुंचे।
सीएम विष्णुदेव साय ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा पीएम मोदी के कुशल मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में दिल्ली, प्रगति के नए आयाम स्थापित कर, समृद्धि की ओर निरंतर अग्रसर होगी।निश्चित ही डबल इंजन की सरकार दोगुनी ऊर्जा से दिल्ली में जनसेवा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी एवं सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।