साय मंत्रिमंडल में फेरबदल की एक और अफ़वाह की हवा निकली… सीएम की इमरजेंसी मीटिंग में हालिया घटनाओं पर मंथन… कुछ विभागों के कामकाज पर चिंतन
(फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रायपुर स्थित निवास (CM हाउस) पर 18 जून की देर रात अचानक मंत्रियों की एक बेहद महत्वपूर्ण और आपातकालीन बैठक बुलाई गई। इस बैठक की सूचना के तुरंत बाद अफ़वाह उड़ी कि कुछ मंत्रियों के विभाग बदलेंगे। लेकिन यह अफवाह भी वैसी ही थी, जो सीएम साय के हर दिल्ली दौरे में उड़ाई जाती रही है। बैठक का एजेंडा हाल में हुई कुछ गंभीर घटनाओं पर चिंतन और इस वर्ष के अंत तक किए जाने वाले कार्यो और कुछ विभागों में मंथन था। कामकाज के तरीकों पर भी बैठक में खुलकर बात हुई है। आज सुबह उच्चस्तर से संकेत मिले कि मंथन हुआ है, पर बाकी सब ठीक है।
मिली जानकारी के अनुसार बैठक में विष्णुदेव साय सरकार के अब तक के कार्यकाल और विकास कार्यों के प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई। आगामी ढाई वर्षों के लिए विभिन्न विभागों के कामकाज, जनहित के मुद्दों और सुशासन (Good Governance) को धरातल पर मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई। सरकार और संगठन के बीच बेहतर प्रशासनिक तालमेल बिठाने तथा विपक्ष के हमलों का कड़ा जवाब देने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। बैठक में हाल ही में हुए कुछ घटनाक्रमों (जैसे सूरजपुर की घटना) के मद्देनजर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा होने की खबरें हैं।
गुरुवार को देर रात बैठक समाप्त होने के बाद अधिकृत सूत्रों ने मंत्रिमंडल में किसी भी प्रकार के फेरबदल या इस्तीफे की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने इसे महज अटकलें बताया और कहा कि सरकार में सब कुछ ठीक है।



