कोरबा में भूपेश, महंत, बैज और सिंहदेव एक मंच पर… मौक़ा था बांगो विस्थापितों के सम्मेलन का… नेतृत्व की बात नहीं छिड़ी
छत्तीसगढ़ के कोरबा में हुए एक सम्मेलन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव शामिल आज 24 मई को एक मंच पर नज़र आए। कांग्रेस नेताओं ने विस्थापित परिवारों को बांगो बांध में मछली आखेट और बिक्री का स्वतंत्र अधिकार वापस देने की मांग उठाई। मौक़ा था हसदेव बांगो बांध के विस्थापित परिवारों के समर्थन में रविवार को बुका में महासम्मेलन का। इस सम्मेलन में कांग्रेसियों की खासी भीड़ भी इकट्ठा हुई। इस सम्मेलन के दौरान या बाद में पार्टी नेतृत्व को लेकर किसी भी वरिष्ठ नेता की एम ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई है।
महासम्मेलन में बांगो बांध से प्रभावित 52 गांवों के विस्थापित परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विस्थापितों ने बताया कि वर्ष 1991 में विस्थापन के बाद शुरुआती वर्षों तक वे स्वयं मछली पकड़कर सरकार को मामूली रॉयल्टी देते थे और इसी से अपनी आजीविका चलाते थे। वर्ष 2003 में ठेका प्रथा लागू होने के बाद से उनका यह अधिकार समाप्त हो गया, जिसके खिलाफ वे लगातार आंदोलन और संघर्ष कर रहे हैं।



