बकरीद 28 मई को, सरकारी कैलेंडर में 27 का अवकाश… सीएम साय से सरकारी छुट्टी की तिथि बदलने का अनुरोध
छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में इस साल ईद-उल-अजहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। केंद्र सरकार और दिल्ली जैसे राज्यों में चांद के अनुसार वास्तविक त्योहार 28 मई को मनाए जाने के कारण पूर्व घोषित 27 मई की छुट्टी को संशोधित किया गया है।
छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक CG Calendar 2026 में ईद-उल-जुहा (बकरीद) का सार्वजनिक अवकाश पहले 27 मई 2026 (बुधवार) को तय किया गया था। चूंकि मुस्लिम समाज के कैलेंडर और चांद दिखने के अनुसार ईद-उल-अजहा का त्योहार 28 मई को मनाया जा रहा है, इसलिए देश के विभिन्न हिस्सों और कर्मचारी संगठनों द्वारा 27 मई के बजाय 28 मई 2026 को अवकाश घोषित करने की आधिकारिक अधिसूचना की मांग की गई है।
छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में केंद्र सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ राज्य में भी बकरीद (ईद-उल-अजहा) की शासकीय छुट्टी 27 मई के स्थान पर 28 मई 2026 गुरुवार को घोषित करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन बकरीद (ईद-उल-अजहा) का शासकीय अवकाश 27 मई के बजाय 28 मई को घोषित करने का आदेश जारी किया जाना चाहिए।



