रायपुर पुलिस का सालभर में ड्रग्स कार्टेल पर बड़ा वार… करीब 3 करोड़ की ड्रग्स के साथ 445 पैडलर्स को जेल… एसएसपी डॉ लाल उमेद ने रखा लेखा-जोखा

रायपुर पुलिस का पिछला पूरा साल ड्रग्स कार्टेल और सूखे नशे पर बड़े प्रहार के लिए जाना जाएगा, क्योंकि संगठित कार्टेल पर पुलिस के ऐसे अटैक रायपुर में संभवतः पहली बार देखने में आए थे। एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने रविवार को मीडिया के समक्ष रायपुर जिले में 2025 के दौरान हुए अपराध और एक्शन का लेखा-जोखा पेश किया, जिसमे ड्रग्स कार्टेल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाइयों का उल्लेख है। इसके मुताबिक रायपुर पुलिस ने बीते साल में 445 पैडलर्स को गिरफ्तार कर न सिर्फ जेल भेजा, बल्कि 2.81 करोड़ रुपए के ड्रग्स जब्त करने में भी कामयाबी मिली। एसएसपी डॉ लाल उमेद ने बताया कि हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी, चोरी जैसे संगीन अपराधों में सैकड़ों आरोपियों पर भी इस दौरान कठोर कार्रवाई की गई। अवैध हथियारों, साइबर ठगी, सट्टा-जुआ और ट्रैफिक माफिया के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ अभियान चलाए गए। इनसे अपराधियों में खौफ पनपा और और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
एसएसपी ने बताया कि रायपुर में नशा तस्करी में लिप्त 13 ड्रग कार्टेल को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इन नेटवर्क से चल रहे एंड-टू-एंड ड्रग सप्लाई चैन को भी पूरी तरह खत्म किया गया। गांजा, चिट्टा, अफीम, एमडीएमए एवं अन्य मादक पदार्थों के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों केअलावा पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर भी कार्रवाई की गई। इसी तरह 2025 में नारकोटिक एक्ट के तहत 271 प्रकरणों में 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से गांजा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, चरस, एमडीएमए, नशीली टैबलेट, सिरप एवं अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 81 लाख रही।


