आज की खबर

एसआईआर (SIR) : रायपुर के करीब 15 लाख वोटर्स में 5 लाख से ज़्यादा नाम कटना तय… ज़रूरी दस्तावेज नहीं देने वालों के नाम हटाने के अलावा विकल्प नहीं

राजधानी वाले ज़िले रायपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्रारंभिक मतदाता सूची में से जिले में 5 लाख 11 हजार वोटरों के नाम कटने की स्थिति आ गई है।  इनमें 84 हजार वोटरों की मृत्यु के कारण नाम कटेंगे। लेकिन 3 लाख 87 हजार वोटर जिले से बाहर के निवासी निकले हैं। इनसे फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। इधर, जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कैटेगरी-सी में शामिल 1 लाख 35 हजार वोटरों में से 1 लाख 33 हजार को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 36 हजार 422 वोटरों को नोटिस की तामिली हो गई है। इन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने की तारीख और समय दिया जा रहा है। निर्धारित समय पर प्रमाणिक दस्तावेज जमा करने वालेवोटर्स के नाम एसआईआर सूची में जोड़े जा रहे हैं।

निर्वाचन अफसरों के अनुसार एसआईआर के दौरान फार्म जमा करने वाले मतदाताओं को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। कैटेगरी-ए में 5 लाख 28 हजार 859 वोटर शामिल हैं, जिनके नाम वर्ष 2003 की एसआईआर सूची में दर्ज थे। कैटेगरी-बी में 8 लाख 24 हजार 631 वोटर हैं, जिनके नाम 2003 की सूची में नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम शामिल थे। कैटेगरी-सी में 1 लाख 35 हजार 761 वोटर रखे गए हैं। ये वे मतदाता हैं जिनका नाम न तो 2003 की सूची में था और न ही उनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम दर्ज था। इन सभी को नोटिस जारी कर आयोग द्वारा मान्य 13 प्रमाणिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि जिले के 23 हजार 180 वोटरों का अब तक पता नहीं चल सका है। इनके अलावा 14 हजार 311 वोटरों का नाम पहले से ही अन्य स्थानों पर है। 2 हजार 313 वोटरों के नाम भी कटने की सूची में हैं। मृत मतदाताओं को छोड़कर बाकी सभी श्रेणियों के वोटरों को अभी अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का मौका दिया गया है। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फार्म भरकर वैध दस्तावेज जमा करने होंगे।

एसआईआर के बाद जारी प्रारंभिक प्रकाशन और जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर 2025 की स्थिति में रायपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों और बलौदाबाजार समेत कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों के 2484 मतदान केंद्रों में कुल 14 लाख 89 हजार 251 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7 लाख 39 हजार 821 पुरुष, 7 लाख 49 हजार 309 महिला और 121 अन्य मतदाता शामिल हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button