सीएम ने जर्जर भवनों के सेफ्टी चेक के निर्देश दिए, कुछ घंटे बाद ही रायपुर में गिरी इमारत… टल गया बड़ा हादसा
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने गुरुवार को राजधानी समेत पूरे प्रदेश में जर्जर भवनों की सख्त और तत्काल सुरक्षा जाँच और ज़रूरी क़दम उठाने के निर्देश दिए थे। रायपुर नगर निगम ने इस निर्देश के बाद क्या किया, इसका तो पता नहीं, लेकिन निर्देश के 24 घंटे के भीतर राजधानी के बीचोंबीच सदर बाज़ार में पुरानी जर्जर इमारत भरभराकर ढह गई। हादसा आज तड़के हुआ, जब सड़क पर ट्रैफिक नहीं था। इमारत जर्जर होने की वजह से कोई उसमे रहता नहीं। इस वजह से इमारत का हिस्सा गिरने से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। मलबा सड़क से हटा लिया गया है, पुलिस जांच कर रही है।
हादसा रायपुर के व्यस्त सदर बाजार इलाके में सहेली ज्वेलर्स के सामने शुक्रवार को देर रात हुआ। जिस समय बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, उस समय वहां से कोई नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मलबे को हटाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू किया गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाकर यातायात और आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया था।



