छत्तीसगढ़ को मिला पहला सरकारी होम्योपैथी कॉलेज… नया रायपुर में रहेगा, इसी साल BHMS कोर्स की 63 सीटें… सीएम साय की पहल
छत्तीसगढ़ को पहला सरकारी होम्योपैथी कॉलेज मिल गया है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएचएमएस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति दी है। सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में यह नया अध्याय शुरू हुआ है। इस कॉलेज में प्रवेश नीट के माध्यम से होगा। बीएचएमएस कोर्स की 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटे की रहेंगी।
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (National Commission for Homoeopathy), नई दिल्ली के अंतर्गत होम्योपैथी चिकित्सा आकलन और रेटिंग बोर्ड (MARBH) द्वारा नवा रायपुर स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BHMS) पाठ्यक्रम की 63 सीटों पर प्रवेश हेतु सशर्त अनुमति प्रदान की गई है।
आयोग से 12 अक्टूबर को जारी अनुमति पत्र के अनुसार, नवा रायपुर के सेक्टर-40, उपरवारा अटल नगर स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी में 63 सीटों के साथ बीएचएमएस कोर्स के संचालन को स्वीकृति दी गई है। यह अनुमति राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग अधिनियम, 2020 की धारा 29 के अंतर्गत प्रदान की गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि
नवा रायपुर में राज्य के पहले नवीन होम्योपैथी महाविद्यालय को प्रवेश की अनुमति मिलना राज्य में आयुष चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति है।
राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के चिकित्सा आकलन एवं रेटिंग बोर्ड द्वारा महाविद्यालय की स्थापना एवं शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएचएमएस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने संबंधी आवेदन का परीक्षण किया गया।
इस क्रम में आयोग द्वारा 21 एवं 22 जुलाई 2026 को महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात 7 सितंबर 2026 को सुनवाई का अवसर प्रदान किया गया। निरीक्षण प्रतिवेदन, उपलब्ध संसाधनों, निर्धारित मानकों तथा सुनवाई के दौरान प्रस्तुत अनुपालन विवरण का परीक्षण करने के उपरांत बोर्ड द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को सशर्त अनुमति पत्र जारी किया गया। इस कॉलेज की कुल स्वीकृत 63 सीटों में न्यूनतम 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटे के अंतर्गत रहेंगी। शेष 85 प्रतिशत सीटों पर राज्य की सक्षम काउंसलिंग संस्था द्वारा नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा। स्वीकृत प्रवेश क्षमता में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की सीटें भी सम्मिलित हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात चयनित विद्यार्थियों की श्रेणीवार सूची राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी।



