आज की खबर

सीएम हाउस घेरने निकली कांग्रेसियों को महिला पुलिस ने रोका तो नेत्रियां बोलीं- बहन, पुलिस बन गईं पर हो तो महिला ही…

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति के विरोध में मंगलवार को दोपहर 2 बजे सीएम हाउस का घेराव करने निकलीं महिला कांग्रेसियों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान महिलाओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, वहां मौजूद महिला पुलिस से धक्का-मुक्की भी होती रही। इस बीच, महिला नेत्रियां महिला अफसर-कर्मचारियों को यह कहती रहीं कि भले ही फोर्स में आ गईं, पर आप भी महिला ही हो। महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं तो इससे आप भी मुक्त नहीं हो…। महिला कांग्रेस की इस रैली की वजह से गांधी चौक और महिला पुलिस थाने के आसपास ट्रैफिक में थोड़ा व्यवधान भी हुआ।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और धनेंद्र साहू के साथ सैकड़ों की संख्या में महिला कांग्रेस की सदस्य गांधी चौक पर इकट्ठा हुईं। वहां नेताओं ने सभी को संबोधित किया। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने कहा कि प्रदेश भर में महिलाएं बेटियां आक्रोशित हैं। पूरे प्रदेश में बेटियां भय के वातावरण में रहने को मजबूर है। बस्तर, जशपुर, बिलासपुर, कोंडागांव, नारायणपुर, भिलाई, राजिम, सक्ति, रायगढ़, अंबिकापुर से लेकर राजधानी रायपुर में भी महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार और दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। महिला कांग्रेस इसके लिए सड़क की लड़ाई जारी रखेगी।

सभी के संबोधन के बाद कांग्रेस नेत्रियां और प्रदेश के वरिष्ठ नेता सीएम हाउस घेरने के लिए निकले। पुलिस ने रास्ते में कई जगह बैरिकेडिंग कर रखी थी और रोकने के पर्याप्त इंतजाम थे। महिला कांग्रेसियों के पहले बैरिकेड के पास ही पुलिस ने रोका तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। फोर्स ने रैली को आगे बढ़ने नहीं दिया। धक्का-मुक्की और बैरिकेड तोड़ने की कोशिशों के बाद सड़क पर ही सभा शुरू हो गई, जिसे सभी नेताओं ने संबोधित किया और बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए आरपार की लड़ाई का आह्वान भी किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button