यूनिवर्सिटी टीचर भर्ती के लिए बेहद ज़रूरी CG SET परीक्षा 4 अक्टूबर को… व्यापमं से नोटिफिकेशन, फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 17 अगस्त
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (CG SET 2026) के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके तहत राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर, क्रीड़ा ऑफिसर और ग्रंथपाल जैसे पदों पर भर्ती के लिए पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त तक चलेगी। प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी होने की तिथि 28 सितंबर तथा परीक्षा की संभावित तिथि 4 अक्टूबर होगी।
इस परीक्षा के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 55% अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन (मास्टर डिग्री) होनी चाहिए। एससी (SC), एसटी (ST), ओबीसी (OBC), दिव्यांग (PwD) और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए मास्टर डिग्री में न्यूनतम 50% अंक होना अनिवार्य है। 30 विषयों के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से दो पालियों (Papers) में आयोजित की जाएगी और प्रश्न हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे। पेपर-I (सामान्य पेपर) सुबह 10:00 बजे से 11:15 बजे तक (कुल 1 घंटा 15 मिनट) और पेपर-II (विषय आधारित): दोपहर 02:00 बजे से 04:15 बजे तक (कुल 2 घंटे 15 मिनट) का होगा। दोनों पेपरों में मिलाकर न्यूनतम 40% अंक लाना अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग (SC/ST/OBC/दिव्यांग) के लिए दोनों पेपरों में मिलाकर न्यूनतम 35% अंक लाना जरूरी है। पात्र उम्मीदवार छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फॉर्म सबमिट कर सकते हैं।



