कई डॉक्टरों को लाठीचार्ज में घायल करने के बाद एमपी में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग सरकार ने मानी… 50% बढ़ाकर किया 21500 रु महीना, हड़ताल खत्म
मध्य प्रदेश में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर आंदोलन कर रहे मेडिकल छात्रों पर दो दिन पहले लाठीचार्ज और वाटर कैनन के बाद आज बुधवार, 9 सितंबर को मध्यप्रदेश सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 50 प्रतिशत बढ़ाकर मासिक ₹21,500 कर दिया है। सोमवार, 7 सितंबर को भोपाल के कमला पार्क चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद आज सरकार और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जूडा) के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त हो गया।
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ हुई सफल बैठक के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर दी है और वे काम पर लौट आए हैं। बता दें कि एमपी में इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने ₹14,337 मिलते थे, जिसे वे बढ़ाकर ₹30,000 करने की मांग कर रहे थे। इस बीच, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मेडिकल छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का उपयोग करने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से लाइन अटैच (हटा) कर दिया गया है। यही नहीं, सीएम मोहन यादव और स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों पर बल प्रयोग की इस घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। लाठीचार्ज में घायल हुए सभी मेडिकल छात्रों के मुफ्त और समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।



