मोदी सरकार ने बिलासपुर से पेंड्रा होकर कटनी तक चार रेललाइनों का 10 हज़ार करोड़ का प्रोजेक्ट किया फाइनल… सीएम साय ने पीएम का जताया आभार
छत्तीसगढ़ के लिए बड़ा फ़ैसला लेते हुए पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) ने ₹10,783 करोड़ की तीन मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन और कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन शामिल है। सीएम विष्णुदेव साय ने इस फैसले के लिए पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि ये रेललाइनें छत्तीसगढ़ के के विकास की दृष्टि से विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत 5 राज्यों के 14 जिलों से होकर कुल 656 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइनें गुजरेंगी। इससे बिलासपुर-कटनी रूट फोर-लेन (4 Lane) ट्रैक में तब्दील हो जाएगा। इस रूट पर भारी भीड़ और व्यस्तता के कारण ट्रेनों के लेट होने की समस्या बनी रहती थी। ट्रैक के 4-लेन होने से छत्तीसगढ़ में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, ट्रैफिक जाम कम होगा और अधिक ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। छत्तीसगढ़ एक बड़ा कोयला और औद्योगिक हब है। बिलासपुर-कटनी रूट पर ट्रैक क्षमता बढ़ने से कोयले, सीमेंट और अन्य खनिज पदार्थों की ढुलाई काफी तेज और आसान हो जाएगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी और उद्योग-व्यापार के लिए माल परिवहन अधिक सुगम होगा और यात्री सुविधाएं बढ़ेगी। उन्होंने विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को गति देने वाले इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए पीएम मोदी और एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।



