आज की खबर

सोनिया की बुक “ Belonging: A Journey of Love” का विमोचन 10 नवंबर को… इसमें राजीव से प्रेम, हत्या की त्रासदी और राजनीति की झलक

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा (संस्मरण) ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) अगले माह 10 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। इस किताब को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर डेब्यू करते हुए इसकी पहली झलक (वीडियो) भी साझा की है। इस ताब में सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन से लेकर ब्रिटेन (कैंब्रिज) में पढ़ाई और वहां राजीव गांधी से हुई पहली मुलाकात की कहानी शामिल है।

खुद सोनिया गांधी ने बताया कि यह किताब उनके जीवन में प्रेम, कर्तव्य, बिछड़ने के दर्द (नुकसान) और अपनेपन की तलाश की एक बेहद निजी कहानी है। इसमें नेहरू-गांधी परिवार की बहू बनने और भारत आने के बाद उनके अनुभवों को दर्शाया गया है। सोनिया की किताब में गांधी परिवार में हुई राजनीतिक हत्याओं (इंदिरा गांधी और राजीव गांधी) के बाद उनके जीवन और परिवार पर क्या गुजरी, इसका भी भावुक विवरण भी मिलेगा।

एक घरेलू महिला से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और देश की सबसे ताकतवर राजनीतिक शख्सियतों में शुमार होने तक के राजनीतिक घटनाक्रमों और परिस्थितियों को उन्होंने विस्तार से लिखा है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस किताब में कई बड़े राजनैतिक खुलासे हो सकते हैं। सोनिया गांधी द्वारा जारी वीडियो के अनुसार इस आत्मकथा में उनके जीवन की कई ऐतिहासिक और दुर्लभ तस्वीरें (Photos) भी शामिल की गई हैं, जो पहली बार देखने को मिलेंगी।

बता दें कि सोनिया गांधी की इस किताब के विमोचन से पहले एक बड़ा विवाद भी सामने आया था। पहले इस किताब को वैश्विक पब्लिशर ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ छापने वाला था। लेकिन पेंगुइन ने इसे भारत में छापने से मना कर दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि पब्लिशर पर बाहरी दबाव था और वह किताब से पीएम नरेंद्र मोदी, आरएसएस (RSS) और भारत-चीन संबंधों से जुड़े कुछ संवेदनशील हिस्सों को हटाना या बदलना चाहते थे, जिसके लिए सोनिया गांधी तैयार नहीं हुईं। हालांकि, पेंगुइन ने बाहरी दबाव के आरोपों से इनकार किया था। इस विवाद के बाद अब किताब को भारत में हार्परकॉलिन्स इंडिया (HarperCollins India) द्वारा प्रकाशित किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button