आज की खबर

तेलीबांधा में आधी रात भीषण आग… बार समेत 4 दुकानें खाक, शराब की बोतलें धमाके से फटती रहीं… बड़ा नुकसान, जनहानि नहीं

राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक (तालाब के पास) बीती रात करीब 1:00 बजे सुंदरानी हार्डवेयर से शुरू हुई भीषण आग ने ऑक्टोपस बार सहित 4 दुकानों को पूरी तरह से जलाकर राख कर दिया है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग से ऑक्टोपस बार में रखी शराब की बोतलें तेज धमाकों के साथ फटने लगीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में बार समेत चारों दुकानें पूरी तरह खाक हो गईं। दुकानों के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलें और गाड़ियां भी जल गईं, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए छत के रास्ते कूदकर और भागकर अपनी जान बचाई। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी मकानों को भी तुरंत खाली कराया गया। इस भयंकर अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि (कैजुअल्टी) नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

तेज बारिश होने के बावजूद आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियों और निजी पावर प्लांटों की दमकल टीमों को करीब 6 से 7 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि तेलीबांधा थाना पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button