दिल पसीजना चाहिए… तूफानी बारिश में पूरी राजधानी में ट्रैफिक जाम… बिना छाते-रेनकोट के बुरी तरह भीगकर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे सैकड़ों पुलिस जवान

राजधानी रायपुर में गुरुवार को शाम 7 बजे तूफान के साथ बारिश शुरू हुई जो लगभग डेढ़ घंटे से जारी है। यह समय रायपुर में ट्रैफिक के लिहाज से पीक टाइम है। अर्थात् मौसम कैसा भी हो, इस वक़्त शहर के लगभग हर इलाके में जाम के हालात रहते हैं। गुरुवार को बारिश के दौरान कई जगह जाम लगा। ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए लगभग हर चौराहे पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान उतर गए। तेज बारिश में बिना रेनकोट और छाते के, पूरी तरह भीगकर जवान ट्रैफिक ड्यूटी करते रहे।
रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम है। इस वजह से रोज़ शाम को सैकड़ों पुलिस और ट्रैफिक जवान सड़कों पर नज़र आते हैं। क्या उनके लिए भीगकर काम करना भी ड्यूटी की अनिवार्यता है? भीगते सिपाहियों को देखना कई तरह के सवाल पैदा करता है। कई दिशाओं में उंगलियाँ उठाई जा सकती हैं, लेकिन इसका अंत नहीं है। बस, बात इतनी है कि इस सच्चाई पर जिम्मेदारों का दिल पसीजना चाहिए। उम्मीद कर सकते हैं कि बिना तर्क-वितर्क के, दिल पसीज जाए।



