ये हैं सभी 10 नगर निगमों के भाजपा प्रत्याशी, जिनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, अंबिकापुर से महिलाएं … टीम सीएम ने जारी किए सबके फोटो, सीएम साय ने दी शुभकामनाएं

भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में इस बार राजधानी समेत प्रदेश के 10 नगर निगमों में से पांच में महिला प्रत्याशियों को मौका देकर चौंकाया है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ कोरबा और अंबिकापुर जैसे महत्वपूर्ण नगर निगमों में भी महिला प्रत्याशी उतारकर पार्टी ने महिला मतदाताओं को भी संदेश देने की कोशिश की है, क्योंकि भाजपा के अधिकांश नेताओं का मानना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की बड़ी वजह महिला मतदाता ही रही हैं। जबकि 10 में से रायपुर, दुर्ग और कोरबा ही ऐसे हैं, जो महिलाओं के आरक्षित किए गए हैं। बिलासपुर और अंबिकापुर महिला आरक्षण से मुक्त थे, इसके बाद भी पार्टी ने वहां से महिला प्रत्याशियों पर ही भरोसा जताया है। महापौर प्रत्याशी के तौर पर 50 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने वाली भाजपा छत्तीसगढ़ में पहली पार्टी बन गई है। यह रणनीति पूरी तरह महतारी वंदन योजना पर आधारित है, जो पिछले 9 माह से विष्णुदेव साय सरकार सफलतापूर्वक चला रही है और प्रदेश की तकरीबन 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक लाख रुपए भेजे जा रहे हैं। बहरहाल, सीएम विष्णुदेव साय ने सभी नगर निगमों के प्रत्याशियों को जीत की शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के सभी वादों को प्राथमिकता से पूरा किया है, जिससे प्रपदेश के सभी नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिलेगी।