The Stambh Breaking : रायपुर मेयर के लिए दीप्ति (प्रमोद) दुबे की कांग्रेस से उम्मीदवारी तय…! सभी 10 नगर निगमों के लिए नाम फाइनल, सूची रात 1 बजे के बाद

कांग्रेस चुनाव समिति ने रविवार को छह घंटे चली मैराथन बैठक के बाद प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी, 47 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार तथा लगभग डेढ़ सौ नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए। रात करीब साढ़े 12 बजे पुख्ता संकेत मिले हैं कि कांग्रेस ने पूर्व महापौर तथा सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे का नाम रायपुर के मेयर उम्मीदवार के लिए तय कर लिया है। दीप्ति दुबे उच्च शिक्षित हैं और साइकोलाजिस्ट के रूप में उनका राजधानी में ही लंबा करियर है। वह पति के साथ राजनीति से जुड़ी रहीं, लेकिन सामाजिक तौर पर काफी सक्रिय हैं तथा अच्छे संपर्क हैं। उनके पति प्रमोद दुबे ने लगभग 40 साल पहले छात्र राजनीति से शुरुआत की थी। वे पार्षद से होते हुए रायपुर के महापौर रहे, कांग्रेस से लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए तथा मौजूदा नगर निगम में सभापति रहे हैं। दीप्ति का मुकाबला भाजपा की मीनल चौबे से होगा। जानकारों के मुताबिक केवल रायपुर और जगदलपुर के प्रत्याशियों को लेकर देर तक मंथन चला है, बाकी नगर निगमों के प्रत्याशी तय करने में चुनाव समिति को देरी नहीं लगी। कांग्रेस की उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में भूपेश बघेल, चरणदास महंत, दीपक बैज, टीएस सिंहदेव, धनेंद्र साहू, मोहम्मद अकबर, सत्यनारायण शर्मा, अमितेष शुक्ल समेत कई वरिष्ठ नेता तथा संगठन के प्रमुख नेता शामिल थे। सूत्रों ने यह भी बताया कि चुनाव समिति की अनुशंसा के आधार पर निगमों के महापौर, नगरपालिकाओं के अध्यक्ष तथा नगर पंचायतों के अध्यक्ष की सूची फाइनल टाइपिंग के भेज दी गई है। सूचियां तैयार होने और इन्हें जारी करने में आधा-पौन घंटा लग सकता है।