नीट परीक्षा के लिए टेलीग्राम एप पूरे देश में बैन… NEET इसी 21 जून को, बैन 22 तक… पेपर लीक रोकने पहली बार इतना कड़ा कदम
केंद्र सरकार ने 21 जून को होने वाली नीट NEET (UG) की दोबारा परीक्षा (RE-NEET) को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए टेलीग्राम (Telegram) एप पर आज 16 से 22 जून तक अस्थायी रोक (Temporary Ban) लगा दी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह कड़ा आदेश जारी किया है।
केंद्र से जारी आदेश के मुताबिक भारत में टेलीग्राम ऐप का एक्सेस 22 जून 2026 तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि री-नीट परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके। सरकार ने टेलीग्राम को आदेश दिया है कि वह भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों के लिए ‘मैसेज-एडिटिंग’ फीचर को 30 जून तक बंद रखे। अक्सर परीक्षाओं के बाद इस फीचर का गलत इस्तेमाल करके फर्जी ‘पेपर लीक’ के झूठे सबूत गढ़ने और अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। बताया गया है नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और सरकार का उद्देश्य सोशल मीडिया और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए होने वाली किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, पेपर लीक के दावों या नकल गिरोह की गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाना है।



