आज की खबर

छत्तीसगढ़ का खास चावल “विष्णुभोग” डीजीपी गौतम को गिफ्ट किया जीपीएम प्रशासन ने… जानिए बेहतरीन सौंधी खुशबू वाले इस चावल के बारे में

गौरेला पेंड्रा मरवाही (जीपीएम) जिले के प्रवास पर पहुंचे डीजीपी अरुणदेव गौतम का स्वागत स्थानीय पहचान और कृषि समृद्धि के प्रतीक ‘विष्णु भोग’ चावल से किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें जिले की विशिष्ट पहचान माने जाने वाले ‘विष्णु भोग’ चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया। यह चावल जिले में बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किया जा रहा है। बता दें कि बाज़ार और ऑनलाइन प्लेटफार्म पर क्वालिटी के अनुरूप यह चावल 100 से 200 रुपए प्रतिकिलो है।

छत्तीसगढ़ का पारंपरिक विष्णुभोग चावल अपनी बेहतरीन प्रीमियम क्वालिटी, लाजवाब स्वाद और मनमोहक खुशबू के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। ‘धान का कटोरा’ कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ की यह एक बेहद खास और प्राचीन सुगंधित किस्म है। विष्णुभोग चावल के पकते ही इसकी महक पूरे घर और आसपास के वातावरण में फैल जाती है। इसका दाना बारीक होता है और खाने में यह बेहद स्वादिष्ट और मुलायम होता है। इसके प्रीमियम गुणों के कारण इसे चावल की उत्कृष्ट किस्मों में गिना जाता है और लोग इसे बड़े चाव से ढूंढकर खरीदते हैं। हाल ही में इस जैविक विष्णुभोग चावल को राज्य के सीएम विष्णुदेव साय ने खूब प्रोत्साहित किया है। जिसके बाद इसकी मांग और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा बढ़ गई है।

बहरहाल, डीजीपी गौतम को जीपीएम प्रशासन ने ‘विष्णु भोग’ चावल की विशेषताओं, उसकी गुणवत्ता तथा इसके उत्पादन और विपणन में महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी की जानकारी दी। डीजीपी ने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘विष्णु भोग’ चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का प्रतीक है। इस अवसर पर एसपी मनोज कुमार खिलारी तथा जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button