आज की खबर

पुजारी के घर क्राइम ब्रांच वाले बताकर महिलाओं समेत 6 लोग घुसे…1.30 करोड़ रुपए से भरी पेटी उठाकर हो गए चंपत

काली माता मंदिर केे पुजारी के निवास पर बुधवार को सफेद स्कार्पियो से दो महिलाएं और चार पुरुष घुसे और बताया कि क्राइम ब्रांच से हैं तथा छापा मारने आए हैं। पुजारी कृष्ण कुमार मिश्रा के घर की तलाशी ली और एक पेटी उठा ली। इस पेटी में 1 करोड़ 30 लाख रुपए रखे थे। घरवालों को धमकाते हुए सभी पेटी लेकर बाहर निकले, इसे गाड़ी में डाला और निकल गए। पुजारी ने कुछ देर बाद पुलिस को खबर दी दो सब सन्न रह गए, क्योंकि क्राइम ब्रांच ने ऐसा छापा मारा ही नहीं था। अफसर भी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी से लेकर आसपास जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आरोपियों की स्कार्पियो एक कैमरे में आई है, जिसके सामने लाल रंग की पट्टी में क्राइम ब्रांच लिखा है। इसके अलावा अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके में जिस वक्त वारदात हुई, पुजारी मिश्रा घर पर नहीं थे। वे पूजा-पाठ से जुड़े कार्य के सिलसिले में मोहला के पास एक गांव गए हुए थे। इस दौरान उन्हें घर से फोन आया कि कुछ लोग आए थे और खुद को क्राइम ब्रांच वाले बता रहे थे। इनमें महिलाएं भी थीं। पुजारी के घर में पड़ोसी विद्याप्रकाश पांडे की एक पेटी रखी हुई है। इसी पेटी में 1 करोड़ 30 लाख रुपए थे। आरोपियों ने यही पेटी उठाई। इस दौरान पुजारी की पत्नी, भाभी तथा अन्य रिश्तेदारों को रोककर रखा। दो लोगों ने पेटी तोड़ी। इसके बाद पेटी लेकर बाहर निकल गए। पड़ोसी पांडे ने यह कहकर पेटी रखवाई थी कि इसमें जरूरी सामान है, दो-चार दिन में ले जाएंगे। पुजारी ने पड़ोसी पांडे को काल कर बताया कि कुछ लोग उसकी पेटी उठा ले गए हैं। तब पांडे ने बताया कि पेटी में इतनी बड़ी रकम थी। यह उसे जमीन बेचने से मिली थी। पुलिस को पहली सूचना भी उसी ने दी। बिलासपुर के एएसपी ने बताया कि इस मामले में फिलहाल चोरी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों का क्लू जल्दी ही मिल जाएगा, क्योंकि कुछ महत्वपूर्ण फुटेज मिले हैं। इसके अलावा पुलिस ने शक की बिना पर कुछ और बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button