हथकरघा के फैशनेबल ड्रेस में बस्तर की सरेंडर बेटियों का रैंपवॉक… यह देखकर सीएम साय और डॉ रमन हुए गदगद


राष्ट्रीय हाथकरधा दिवस पर रायपुर के पं.दीनदयाल आडोटोरियम में हुए फैशन शो में एक प्रेरक दृश्य देखने को मिला, जब सुकमा के चिंतलनार की पुनर्वासित (सरेंडर) बेटियों ने मिस इंडिया ईस्ट अनुष्का सोन के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हथकरघा परिधानों में रैंप वॉक किया। इस तरह उन्होंने बदलाव, आत्मसम्मान और नए विश्वास की मिसाल पेश की। इस शो में पुनेम देवे,माड़वी देवे,माड़वी माल्ले, मिडियम गांगी, माड़वी नान्दनी, डोंडी रामे, माड़काम भीमे, पोड़ियाम राजे, पुनेम ज्योति और हिड़मे मारकाम शामिल हुईं। इस तरह, यह केवल फैशन शो नहीं, बल्कि हिंसा से विकास, भय से विश्वास और भटके हुए जीवन से सम्मानजनक भविष्य की ओर बढ़ते नए छत्तीसगढ़ की सशक्त अभिव्यक्ति सिद्ध हुआ।
ये छत्तीसगढ़ में पहला अवसर था जब ग्रामोद्योग विभाग की पहल पर सुकमा के चिंतलनार की पुनर्वासित बेटियों ने अपनी प्रतिभा को राजधानी रायपुर के एक बड़े मंच पर दिखाया। ग्रामोद्योग विभाग की इस पहल की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों ने मंच पर आकर उन पुनर्वासित बेटियों से मुलाकात की और उनका हौंसला बढ़ाया।


