छत्तीसगढ़ : 65 साल के वहशी बूढ़े ने दुष्कर्म की कोशिश में महिला को मारा… मासूम बच्ची रोने लगी तो उसकी भी हत्या… 21 दिन में खुला डबल मर्डर, बूढ़ा अरेस्ट
छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के छापरपानी (लैलूंगा) पुलिस ने मां-बेटी के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए मर्डर के आरोप में 65 वर्षीय वहशी बूढ़े को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ 40 साल की महिला और उनकी 10 महीने की मासूम बेटी परी की ईंट से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव 16 जुलाई को एक खेत में बने बोर घर से बरामद हुए थे।
रायगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 65 साल के बूढ़े भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रात के समय बोर मकान में घुसा था, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ सो रही थी। उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने पास में रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। इस दौरान जब 10 महीने की बच्ची रोने लगी, तो आरोपी ने उसका भी गला दबाया और ईंट से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सनी धोती बदलकर अपने घर में छिप गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं, जो इस केस में सबसे बड़ा सबूत हैं।



