बालोद में राजेश मूणत बोले… साय सरकार का पहला साल बेमिसाल… महतारी को वंदन, गरीबों को आवास, किसानों को दुलार

छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय सरकार का एक साल पूरा होने पर रायपुर पश्चिम के दिग्गज भाजपा विधायक तथा पूर्व मंत्री राजेश मूणत सरकार की उपलब्धियों बताने के लिए प्रदेेश में निकले हैं। शनिवार को उन्होंने बालोद जिला मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए साय सरकार का एक साल का रिपोर्ट कार्ड रखा और दावा किया कि इस एक साल में सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। कांग्रेस के दुष्प्रचार को धता बताते हुए प्रदेश की माताओं-बहनों को हर माह उनके बैंक खाते में 1 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। गरीबों को पक्की छत देने के लिए एक साल में ही हजारों पीएम आवास तैयार कर दिए गए हैं तथा 18 लाख लोगों को जल्दी ही छत मिल जाएगी। राजेश मूणत ने साय सरकार को भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार और पारदर्शिता-सुशासन के साथ काम करने वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि सीएम साय की सरकार ने सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए हुए लोगों के उत्थान का संकल्प लिया है। हर संकल्प और प्रदेश की जनता से किए गए हर वादे को सीएम साय की सरकार निभा रही है।
पूर्व मंत्री मूणत ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि साय सरकार ने किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का वादा किया था। अभी रिकार्ड धान खरीदी चल रही है। यहां तक कि हमारी सरकार ने धान का 3716 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान भी किया है। मूणत ने बताया कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिल रहा है। अब तक साय सरकार महिलाओं के खाते में 6530 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर चुकी है। वरिष्ठ विधायक मूणत ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने जिन 18 लाख गरीबों का पीएम आवास रोका था, साय सरकार ने केंद्र से फंड मिलने के बाद बड़े पैमाने पर काम शुरू करवा दिया है। सरकार ने प्रदेश के 68 लाख गरीब परिवारों को 5 साल तक मुफ्त राशन देने की योजना शुरू की है। भाजपा विधायक मूणत ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन बहाल की है। पिछली सरकार के समय 5 साल पेंशन बंद थी, जिसका एकमुश्त भुगतान भी किया गया है।
वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने बताया कि साय सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए बड़े कदम उठा रही है। लोगों के विकास के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, रेल और हवाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बस्तर में पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से राज्य में पर्यटन के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। पूर्व मंत्री मूणत ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थ स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में पांच शक्तिपीठों के विकास और श्रीरामलला दर्शन योजना भी साय सरकार चला रही है।
नक्सलवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से दिया संदेश
तेजतर्रार भाजपा विधायक मूणत ने नक्सलवाद के खिलाफ साय सरकार के कदमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि हमारी फोर्स ने एक साल में 213 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया गया और 1750 ने सरेंडर कर दिया है। साय सरकार इसके साथ-साथ बस्तर के अंदरूनी इलाकों में विकास की रोशनी भी पहुंचा रही है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का पहला वर्ष छत्तीसगढ़ के विकास और कल्याण के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है। उनकी सरकार ने सभी वर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है। आने वाले वर्षों में भी यही संकल्प लेकर काम करते रहेंगे।