राहुल गांधी का अभनपुर शिविर में संबोधन शुरू… पायलट, बैज, महंत, भूपेश, अकबर भाई और धनेंद्र भी मौजूद… नेता-कार्यकर्ता भारी जोश में


छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय कांग्रेस “संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर” (संगठन पाठशाला) में कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और मोहम्मद अकबर सहित कई वरिष्ठ नेता इस शिविर में पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर आयोजित यह आवासीय शिविर 20 जून से 29 जून 2026 तक अभनपुर के एक निजी रिसॉर्ट में संचालित किया जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अभनपुर शिविर में नवनियुक्त जिला और शहर अध्यक्षों से “वन-टू-वन” संवाद कर रहे हैं। लंबे समय बाद छत्तीसगढ़ की धरती पर इतने बड़े स्तर के आवासीय संगठन शिविर और राहुल गांधी के आगमन से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में भारी ऊर्जा और नया उत्साह देखा जा रहा है। रायपुर हवाई अड्डे से लेकर अभनपुर तक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी है। इस दौरान राहुल ने कई युवा नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया, जिनमें रायपुर के मोहम्मद अरशद भी हैं।
बता दें कि ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत नियुक्त किए गए 41 नए जिला व शहर अध्यक्षों को विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। शिविर का मुख्य एजेंडा पार्टी की मूल विचारधारा, संगठनात्मक ढांचा, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को धार देना है ताकि आगामी नगरीय निकाय, पंचायत चुनावों और 2028 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत जमीन तैयार की जा सके। एआईसीसी के मुख्य कोच सचिन राव अपनी टीम के साथ मिलकर इन पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर काम करने के गुर सिखा रहे हैं।



