पेट्रोल-डीजल की कीमतें 10 दिन में तीसरी बार बढ़ीं… इस तरह, प्रति लीटर वृद्धि अब 5-5 रुपए हो गई
देश में पिछले 10 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। शनिवार, 23 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है। इसके साथ ही दिल्ली में सीएनजी (CNG) की कीमत भी 1 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी गई है।
पिछले 10 दिनों में तीन बार हुई बढ़ोतरी के कारण पेट्रोल और डीजल कुल मिलाकर लगभग 5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। 15 मई को पहली बढ़ोतरी में कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर का उछाल आया।19 मई को दूसरी बढ़ोतरी में पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ। 23 मई यानी आज तीसरी बार फिर दाम बढ़ा दिए गए।
पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव ईंधन महंगा होने की सबसे बड़ी वजह है।अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका से ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।भारत अपनी जरूरत का लगभग 90% कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ता है।



