आज की खबर

न्यूज रील…झारखंड में गरजे सीएम सायः बस्तर में 7 माओवादी ढेरः महादेव सट्टे में आरोपी को जेल

ओड़िशा के बाद अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने झारखंड का रुख किया है। जमशेदपुर में भीड़भरे रोड-शो में सीएम साय कांग्रेस और सहयोगियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री (हेमंत सोरेन) भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हो, तो यह सबसे बड़ा दुर्भाग्य है। झारखंड का एक मंत्री भी ईडी की गिरफ्त में है, उनके नौकर के यहां भी करोड़ों रुपए मिले हैं। यह सब बेहद चिंतनीय है। जमशेदपुर में भाजपा प्रत्याशी तथा मौजूदा सांसद विद्युतवरण महतो के रोड-शो में शामिल होने के बाद सीएम साय ने मीडिया से कहा कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार नहीं होने के कारण लोगों को केंद्र की सभी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। एक बार फिर नक्सलवाद भी पनपने लगा है।

बस्तर में मुठभेड़ः 7 शव व बंदूकें लेकर लौट रही फोर्स

नारायणपुर और बीजापुर के सरहदी जंगलों रेकावाया-कोरोवाय में सर्चिंग कर रही फोर्स को गुरुवार को बड़ी कामयाबी मिली, जब माओवादियों से आमना-सामना हो गया। फोर्स की ताबड़तोड़ जवाबी हमले में 7 माओवादी मारे गए और कई घायल हो गए। रुक-रुककर चली इस मुठभेड़ के बाद माओवादी भाग निकले हैं। हालांकि वहां शक में कुछ लोगों की गिरफ्तारी की भी सूचना है। मुठभेड़ के बाद फोर्स 7 माओवादियों के शव और उनके पास मिली 7 बंदूकें लेकर लौट रही है। सूत्रों के मुताबिक मारे गए माओवादियों में एक कमांडर स्तर का है, लेकिन शव की पहचान के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

महादेव बुकः बर्खास्त सिपाही को रिमांड पर जेल भेजा

महादेव बुक सट्टे में पचमढ़ी से गिरफ्तार किए गए बर्खास्त सिपाही यादव को पूछताछ पूरी होने के बाद गुरुवार को ईओडब्लू ने विशेष अदालत में पेश किया। सूत्रों के अनुसार ईओडब्लू को महादेव सट्टे के मामले में यादव से कई महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली हैं, जो आगे की कार्रवाई में मददगार होंगी। यादव को अदालत में पेश करने के बाद ईओडब्लू ने रिमांड नहीं मांगी। इसके बाद विशेष न्यायालय से उसे 14 दिन के लिए रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिए। ऐसी खबरें मिल रही हैं कि इस मामले में ईओडब्लू से जल्दी ही बड़ी कार्रवाई होने वाली है।

तीन सीटों पर मतगणना की तैयारी देखी डा. रीना कंगाले ने

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. रीना बाबासाहेब कंगाले ने गुरुवार को राजनांदगांव, दुर्ग और महासमुंद का दौरा कर मतगणना की तैयारियों का निरीक्षण किया और स्ट्रांग-रूम में रखे ईवीएम की सुरक्षा देखी। उन्होंने मतगणना स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए। उनके साथ एडिशनल सीईओ निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, असिस्टेंट सीईओ रश्मि वर्मा और दुर्ग कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित तीनों जिलों के कलेक्टर मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button