National Politics : पंजाब में 6 साल बाद भाजपा और अकाली दल में अलायंस… यूपी में कांग्रेस व सपा में सीट बंटवारे पर पेंच
देश के दो प्रमुख राज्यों पंजाब और उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर आज बड़ा उलटफेर और सियासी हलचल देखने को मिली है। एक तरफ जहां पंजाब में छह साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने फिर से हाथ मिला लिया है। वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के सहयोगी दलों—समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंस सकता है। वजह ये है कि कांग्रेस अलायंस ने 125 सीटें मांगी हैं और समाजवादी पार्टी सिर्फ 26 सीटें देने का प्रस्ताव बढ़ा चुकी है।
1. पंजाब: सुखबीर बादल होंगे CM फेस
पंजाब की सियासत में मंगलवार को एक बड़ा मोड़ आया जब गुरु पर्व के मौके पर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने औपचारिक रूप से गठबंधन का ऐलान किया। अमित शाह ने अकाली दल का एनडीए (NDA) में स्वागत करते हुए साफ किया कि पंजाब में अकाली दल ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री पद का चेहरा सुखबीर सिंह बादल ही होंगे। सितंबर 2020 में केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने भाजपा से अपना 24 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। दोनों दल राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल सीट शेयरिंग के सटीक फॉर्मूले पर बातचीत जारी है, जिसमें भाजपा पिछली बार (23 सीटों) के मुकाबले इस बार अधिक सीटों की मांग कर रही है।
2. उत्तर प्रदेश: सीट बंटवारा अहम मसला
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज हो गई है। दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई दूसरे दौर की बैठक के बीच यह बात सामने आई है कि कांग्रेस ने सपा के सामने करीब 125 से 130 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा पेश किया है। इसके जवाब में सपा ने कांग्रेस को महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने इस प्रस्ताव की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी ने कांग्रेस को वे 2 सीटें (रामपुर खास और फरेंदा) दी हैं जो उसने 2022 में जीती थीं, 4 वे सीटें जहां वह दूसरे नंबर पर रही थी, और 20 अन्य सीटें शामिल की हैं।



