रायपुर मास्टर प्लान से हटाई गईं 11 सड़कें फिर शामिल होंगी… जिन 23 सड़कों की चौड़ाई कम की गई थी, वह बदलाव भी रद्द… इन दफ्तरों में लगाया गया ब्योरा
रायपुर मास्टर प्लान (पुनर्विलोकित) 2031 में जुलाई 2023 के दौरान विलोपित (हटाए) या बदले गए 11 आवश्यक मार्गों को सुदृढ़ यातायात के लिए दोबारा शामिल करने की अनुशंसा की गई है। शासन द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में इन 11 मार्गों के अलग-अलग नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। लेकिन सड़क नेटवर्क से जुड़ी कई और अनुशंसाएं की गई हैं।
अधिकृत सूत्रों ने बताया कि इन 11 मार्गों व संशोधनों की पूरी सूची और नक्शा सार्वजनिक कर दिया गया है। नागरिक आयुक्त कार्यालय (रायपुर संभाग/नगर निगम), कलेक्टर कार्यालय या नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय में 15 दिनों के भीतर अपनी दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसकी प्रति कार्यालयीन समय में अवलोकन के लिए आयुक्त, रायपुर संभाग, छत्तीसगढ़; कलेक्टर, जिला रायपुर; संयुक्त संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर तथा आयुक्त, नगर पालिक निगम, रायपुर के कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी।
शासन से बनाई गई जांच समिति ने जुलाई 2023 में हटाए गए 11 मार्गों, चौड़ाई कम की गई 23 सड़कों और एमआर-33 व एमआर-40 सहित 10 मार्गों के अलाइनमेंट में किए गए बदलावों को रद्द कर मूल स्थिति बहाल करने की अनुशंसा है। भवन निर्माण अनुज्ञा की बाधाएं दूर करने के लिए कई तालिकाओं में भी संशोधन होंगे। जांच समिति ने पाया कि जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत 11 मार्गों को विलोपित अथवा परिवर्तित किया गया था। सुदृढ़ यातायात के लिए इन मार्गों को आवश्यक पाए जाने पर समिति ने इन्हें मास्टर प्लान में पुनः सम्मिलित करने की अनुशंसा की है। समिति के परीक्षण में पाया गया कि जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत कुल 23 मार्गों की प्रस्तावित चौड़ाई में कमी की गई थी। सुदृढ़ यातायात व्यवस्था के उद्देश्य से समिति ने इन मार्गों की चौड़ाई पूर्व योजना 2021 के अनुसार पूर्ववत करने की अनुशंसा की है। जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना के अंतर्गत 10 मार्गों के अलाइनमेंट में परिवर्तन किया जाना पाया गया। समिति ने इन मार्गों के अलाइनमेंट को पूर्ववत करने की अनुशंसा की है। इसके अंतर्गत MR-33 एवं MR-40 के अलाइनमेंट को पूर्व योजना 2021 के अनुरूप किए जाने की अनुशंसा भी शामिल है।
मास्टर प्लान 2021 में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों एवं प्रमुख चौक-चौराहों की तालिका में इन मार्गों के नाम सहित चौड़ाई का भी उल्लेख किया गया था। जुलाई 2023 में पुनर्विलोकित विकास योजना में इन तालिकाओं में कुछ स्थानों पर नाम तथा कई स्थानों पर चौड़ाई का उल्लेख विलोपित कर दिया जाना पाया गया। इससे विकास अनुज्ञा देने की प्रक्रिया में विसंगतियां आ रही हैं। समिति ने इन तालिकाओं को पूर्ववत करने की अनुशंसा की है।



