रायपुर के बाद दुर्ग में रेंज साइबर थाने की नई बिल्डिंग… सीएम साय ने किया लोकार्पण… यहां होगी दुर्ग, नांदगांव, बालोद, कवर्धा और बेमेतरा के बड़े केस की जांच
छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए डेडिकेटेड साइबर पुलिस को मजबूती देते हुए दुर्ग में रेंज साइबर थाने को नया भवन मिल गया है। सीएम विष्णु देव साय ने मंगलवार, 24 नवंबर को भिलाई के सेक्टर-6 में नवनिर्मित दुर्ग रेंज साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। अब स्वतंत्र भवन मिलने से दुर्ग संभाग (दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा) के बड़े साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट और 5 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की इन्वेस्टीगेशन में मदद मिलेगी।
रेंज साइबर थाने का यह लोकार्पण दुर्ग जिले में 402 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की लागत के 362 विकास कार्यों के उद्घाटन और भूमिपूजन कार्यक्रम का एक प्रमुख हिस्सा था। लोकार्पण समारोह में डिप्टी सीएम अरुण साव कि अलावा दुर्ग आईजी अभिषेक शांडिल्य और एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौजूद थे। यह नया थाना भवन भिलाई के सेक्टर-6 (महिला थाना के बगल में) बनाया गया है। इसके साथ ही साइबर ट्रेनिंग सेंटर की भी व्यवस्था की गई है। अब तक दुर्ग रेंज का साइबर थाना पुलिस कंट्रोल रूम परिसर से संचालित हो रहा था।
छत्तीसगढ़ में बढ़ते साइबर अपराधों (ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश) पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ढांचे को दो स्तरों पर मजबूत किया जा रहा है। पहला, छत्तीसगढ़ के सभी 5 पुलिस रेंज मुख्यालयों—रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर (बस्तर) और सरगुजा में एक-एक रेंज साइबर थाना पूरी तरह एक्टिव मोड में है। दूसरा, राज्य सरकार द्वारा जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित 8 जिलों में अलग से साइबर थाने शुरू किए गए हैं। इस प्रकार प्रदेश के 33 जिलों में रेंज और जिला स्तर को मिलाकर कुल 13 साइबर थाने कार्यरत हैं। इसके अलावा, नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय परिसर में राज्य का केंद्रीय साइबर भवन भी संचालित है, जहां से पूरे प्रदेश की साइबर सुरक्षा और तकनीकी समन्वय की निगरानी की जाती है।



