नालंदा परिसर अब बालोद में, 400 सीटों वाला आडिटोरियम भी… सीएम साय बोले- अटल निर्माण वर्ष में सुशासन पर जोर

सीएम विष्णुदेव साय ने अटल निर्माण वर्ष पर हर जिला मुख्यालय में युवाओं के लिए नई सुविधाएं क्रिएट करने के अभियान को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को बालोद में रायपुर जैसे नालंदा परिसर के निर्माण का ऐलान कर दिया है। इसके साथ 400 सीटों वाला आडिटोरियम भी उसी तर्ज पर बनेगा, जैसा रायपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम है। नालंदा परिसर के बारे में सीएम ने बताया कि निर्माण की सारी स्वीकृति ले ली गई है और काम जल्दी शुरू हो जाएगा। बालोद के जुगेरा में 141 करोड़ रुपए के अलग-अलग कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करते हुए सीएम साय ने कहा कि अटल निर्माण वर्ष यानी 2025 में उनकी सरकार क्वालिटी वाले बड़े निर्माण करवाने जा रही है। साथ ही, गुड गवर्नेंस और कड़ी निगरानी पर भी सरकार का फोकस है। उन्होंने बंजारी माता मंदिर जुगेरा में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए डोम सेट बनाने की घोषणा भी की है।
कार्यक्रम में सीएम साय के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और कांकेर सांसद नाग भी थे। सीएम साय ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई संसाधन और सड़कों के रखरखाव पर फोकस करते हुए अंतिम छोर के व्यक्ति तक सुशासन पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय प्राचीन ग्रंथों में जिसे रामराज्य कहा गया है, वही सुशासन है। सुशासन का सूर्याेदय हो गया है। विश्वास है कि सभी मिलजुलकर विकासशील छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी का सपना है कि कोई भी भारतीय खुले आसमान के नीचे नहीं सोएगा। हर नागरिक का पक्का मकान होगा। पक्का छत वाले मकान निर्माण की योजना प्रधानमंत्री आवास के तहत बालोद जिले में 31 हजार से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं। इनमें आधे से अधिक आवास बन गए हैं, बाकी का निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही बालोद में नालंदा परिसर का निर्माण होगा, इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी हैं। उन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट नर्सिंग अफसर के रूप में सेवा दे रही बालोद के ग्राम जमरूवा निवासी वीणा साहू की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की है।