पहली बार मोजतबा खामनेई का 12 सेकंड का वीडियो जारी… यह दुनियाभर में वायरल क्योंकि अमेरिका-इसराइल का दावा उनके मरणासन्न होने का
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) को लेकर 9 अगस्त 2026 को ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘मेहर’ (Mehr News Agency) ने एक 12 सेकंड का नया वीडियो जारी करके पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है। यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब इजराइली मीडिया की रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि मोजतबा की हालत बेहद नाजुक है और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
इस 12 सेकंड के वीडियो में मोजतबा खामेनेई कुछ धार्मिक विद्वानों के बीच बैठे दिख रहे हैं। हालांकि, वीडियो में उनका केवल एक तरफ़ का चेहरा ही दिखाई दे रहा है और शरीर का दूसरा हिस्सा नजर नहीं आ रहा है। वीडियो कब और कहां शूट किया गया था, इसकी कोई तारीख (Time Stamp) या लोकेशन की फिलहाल आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। अमेरिका-इसराइल समर्थित वेस्टर्न मीडिया यह सवाल भी फैला रहा है कि क्या यह वीडियो पुराना है, या फिर AI द्वारा तैयार किया गया है। बता दें कि ठीक एक दिन पहले, शनिवार को इजराइली चैनल 14 और अन्य पश्चिमी मीडिया रिपोर्ट्स ने दावा किया था कि अमेरिकी-इजराइली हमलों में घायल होने के बाद मोजतबा खामेनेई की स्थिति बहुत नाजुक हो चुकी है एल। ईरान ने इस वीडियो को जारी कर उन दावों को खारिज करने की कोशिश की है।
बता दें कि फरवरी 2026 को अमेरिकी व इजराइली हवाई हमले में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मार्च 2026 में उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया था। मोजतबा ने सत्ता संभालने के बाद से ही कोई सार्वजनिक उपस्थिति नहीं दर्ज कराई है और न ही वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। जिसके कारण उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर लगातार सस्पेंस बना हुआ है।



