Innovation : देश में पहली बार चली डबल डेकर ट्रेन… मुंबई-वड़ोदरा के बीच डबल-स्टैक मालगाड़ी चली 422 किमी… इस एक ट्रेन से जा सकेंगे दोगुना कंटेनर
भारतीय रेलवे ने JNPT मुंबई से वडोदरा तक पहली देश में पहली बार डबल डेकर ट्रेन चला दी है। यह अभी मालगाड़ी के रूप में चलाई गई है। इसे डबलस्टैक लॉन्गहॉल कंटेनर ट्रेन का नाम दिया गया है। इस ट्रेन ने 21 अगस्त को 422 किमी का सफल ट्रैवल किया है। इस ट्रेन से कुल 360 कंटेनर का परिवहन किया गया। अगर यह ट्रेन सिंगल कंटेनर वाली होती तो 180 कंटेनर ही ले जा सकती थी।
रेलवे के मुताबिक इस लॉन्ग-हॉल फॉर्मेशन में दो डबल-स्टैक रेक को संयुक्त रूप से चलाया गया। इस तरह, एक ही लॉन्ग-हॉल मूवमेंट में बड़ी मात्रा में कंटेनर का परिवहन किया जा सका। एक ही ट्रेन में अधिक संख्या में कंटेनरों का परिवहन होने से बंदरगाहों एवं टर्मिनलों पर कंटेनरों के dwelling time में कमी आएगी। इससे टर्मिनल पर भीड़भाड़ कम होगी और कंटेनरों की तेज़ निकासी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एक ही ट्रेन में अधिक कंटेनर ले जाने से समान मात्रा के माल के परिवहन के लिए आवश्यक ट्रेन मूवमेंट की संख्या कम होती है। इससे उपलब्ध रूट क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग संभव होता है। लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन संचालन से कंटेनरों की तेज़ आवाजाही एवं निकासी संभव होती है, जिससे माल के कुल ट्रांजिट टाइम में कमी आती है। साथ ही सड़क परिवहन पर डीजल आधारित निर्भरता कम होगी। एक डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सड़क मार्ग से बड़ी संख्या में ट्रकों द्वारा परिवहन किए जाने वाले माल के बराबर कार्गो का परिवहन कर सकती है। इससे डीजल की खपत, सड़क पर यातायात का दबाव, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन तथा माल परिवहन के कुल कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।



