ब्लू वाटर में 77 घंटे बाद सतह पर आया आदिल का शव, आज सुपुर्दे खाक… उधर, नदी में 3 स्कूली बच्चों के बहने से तखतपुर में कोहराम, 2 शव मिले
नया रायपुर की ‘ब्लू वाटर’ (Blue Water) खदान में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद शनिवार को आधी रात पानी की सतह पर आ गया। वह 22 अगस्त को खदान में तैरते हुए लापता हुआ था और तलाश के लिए तीन दिन से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे थे। ब्लू वाटर में कल रात उफनकर ऊपर आए आदिल के शव को रात में ही पुलिस ने अंबेडकर अस्पताल भेज दिया। आदिल का शव आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा और आज ही सुपुर्दे-खाक किए जाने की सूचना है।
घोंधा नदी में बहे प्राइमरी स्कूल के बच्चे

इधर, बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसे में 10 साल से कम उम्र के तीन मासूम स्कूली बच्चों के नदी में बहने से पूरे तखतपुर में कोहराम मचा हुआ है। रेस्क्यू टीम ने दो बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। बच्चों के नाम अनमोल जायसवाल (7 वर्ष), स्तुति जायसवाल (9 वर्ष – अनमोल और स्तुति सगे भाई-बहन) तथा शिक्षा जायसवाल (8 वर्ष) बताए गए हैं। तीनों बच्चे पहली से चौथी कक्षा के थे। पुलिस ने बताया कि जब बच्चे सुबह स्कूल गए थे, तब नदी में पानी का स्तर काफी कम था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब घर लौट रहे थे, तो नदी का जलस्तर बढ़ चुका था। बच्चे नदी पर करते समय अचानक तेज धार की चपेट में आए और बह गए। एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम नदी में एक बच्चे के शव की तलाश में लगी है।



