दिल्ली में मंत्री नड्डा से मिलकर रायपुर लौटे सीएम साय… ग्रामीण अस्पतालों के लिए केंद्र से बड़ी मदद की उम्मीद

सीएम विष्णु देव साय दो दिन के नई दिल्ली प्रवास के बाद आज शनिवार को रायपुर लौट आए हैं। राजधानी में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाक़ात की। दोनों नेताओं में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाक़ों, ख़ासकर बस्तर में हेल्थ सुविधाओं पर विस्तार से बात हुई है। उम्मीद की जा रही है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अस्पतालों के लिए जल्दी ही केंद्र सरकार से बड़ी मदद मिल सकती है। सीएम साय ने दिल्ली प्रवास के दौरान अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात की। उनकी बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के साथ मीटिंग भी हुई है।
बहरहाल, केंद्रीय मंत्री नड्डा से सीएम साय ने उनके निवास पर मुलाक़ात की और कुशलक्षेम पूछा। सीएम ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विशेष फोकस इस बात पर है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके निकट ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के दूरस्थ, वनांचल एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।
रायपुर आने के बाद सीएम साय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में वर्ल्ड लीडरशिप फोरम में शामिल होने का अवसर मिला। इस फोरम पर हमने छत्तीसगढ़ के विषय में और यहां उद्योग एवं व्यापार की क्या संभावनाएं हैं, इसके विषय में पूरी जानकारी दी। हमारी नई उद्योग नीति की हर जगह सराहना हो रही है। प्रदेश में कम समय में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है, इसकी जानकारी दी। फोरम के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का आह्वान भी किया है।



