रायपुर में करंट से माँ-बेटे की मौत… कूलर से रेलिंग, पाइप, तार में फैला करंट… तड़पती माँ को बचाने आया बेटा भी चपेट में
राजधानी रायपुर में टिकरापारा के छत्तीसगढ़ नगर में बिजली का करंट लगने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई है। यह दुखद हादसा तब हुआ जब मां बालकनी में कपड़े उतारने गई थी और वहां फैले करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने आया बेटा भी करंट की चपेट में आ गया। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार बालकनी में लगे कूलर के किसी लूज कनेक्शन से कपड़ा सुखाने के तार और बालकनी की रेलिंग में करंट फैला था। बालकनी में सूख रहे कपड़े उतारने गई महिला और फिर बेटा इसी की चपेट में आ गए।
टिकरापारा पुलिस मृत त महिला का नाम कल्याणी यादव (54 वर्ष) और उनके बेटे का नाम मधुसूदन यादव (23 वर्ष)बताया है। वे धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव के रहने वाले थे। कल्याणी की बेटी रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। मां-बेटे उससे मिलने के लिए ही रायपुर आए हुए थे। पुलिस ने बताया कि कल्याणी बालकनी में सूख रहे कपड़े निकालने गई थीं। जैसे ही उन्होंने तार को छुआ, करंट की वजह से वहीं चिपक गईं। मां को तड़पता देख बेटा मधुसूदन बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गया। दोनों ने बालकनी में ही दम तोड़ दिया। टिकरापारा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।



