आम चुनाव

अगर रुचि हो तो… छत्तीसगढ़ की 7 सीटों की अहम जानकारियां, जहां कल वोटिंग होगी

रायपुरः भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल के सामने कांग्रेस के विकास उपाध्याय

रायपुर संसदीय सीट से भाजपा के सुनील सोनी सांसद हैं। पिछले चुनाव में यहां केवल 66 प्रतिशत मतदान हुआ था और सोनी करीब पौने 4 लाख वोटों से जीते थे। इस बार के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल 8 बार के विधायक और छत्तीसगढ़ सरकार के केबिनेट मंत्री हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के विकास उपाध्याय से होगा, जो विधायक तथा संसदीय सचिव रह चुके हैं। रायपुर लोकसभा में 9 विधानसभा सीटें रायपुर दक्षिण, रायपुर पश्चिम, रायपुर ग्रामीण, रायपुर उत्तर, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, आरंग और अभनपुर हैं। इनमें केवल भाटापारा में ही कांग्रेस के विधायक हैं, बाकी सीटें भाजपा के पास हैं।

कोरबाः कांग्रेस की ज्योत्सना महंत का भाजपा की सरोज पांडे से मुकाबला

कोरबा संसदीय सीट से डा. ज्योत्सना महंत यहां से कांग्रेस सांसद बनीं और इस बार भी मैदान में हैं। वे छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत की पत्नी हैं। उनके मुकाबले भाजपा ने सांसद रह चुकीं दुर्ग की नेता सरोज पांडे को चुनावी समर में उतारा है। कोरबा में पिछले चुनाव में 75.28 प्रतिशत वोटिंग हुई। मोदी लहर में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस जिन 2 सीटों पर जीती थी, उनमें एक कोरबा भी है। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों में कोरबा सिटी, भरतपुर-सोनहट, बैकुंठपुर, मनेंद्रगढ़, मरवाही, कटघोरगा, पाली-तानाखार और रामपुर हैं। इनमें 7 सीटें भाजपा के पास हैं। गोंडवाना पार्टी ने पाली-तानाखार सीट जीती थी।

दुर्गः भाजपा के विजय बघेल और कांग्रेस के राजेंद्र साहू के बीच सीधी टक्कर

दुर्ग संसदीय सीट से भाजपा के विजय बघेल सांसद हैं और इस बार भी उन्हें टिकट दिया गया है। उनके मुकाबले कांग्रेस ने राजेंद्र साहू को उतारा है। वे दुर्ग के महापौर हैं। दुर्ग में पिछले चुनाव में 71.68 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसमें विजय बघेल छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक 3 लाख 90 हजार वोटों से जीते थे। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में भी 9 विधानसभा सीटें दुर्ग सिटी, दुर्ग ग्रामीण, पाटन, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ हैं। पांच माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केवल पाटन और भिलाई नगर में ही विजयी रही, बाकी सात सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।

बिलासपुरः मुकाबला भाजपा के तोखन साहू, कांग्रेस के देवेंद्र यादव के बीच

बिलासपुर संसदीय सीट से भाजपा के अरुण साव सांसद हैं। वे विधानसभा चुनाव जीतकर छत्तीसगढ़ सरकार में डिप्टी सीएम बने, इसलिए भाजपा नेउनकी जगह तोखन साहू को उतारा है। तोखन का मुकाबला कांग्रेस के देवेंद्र यादव से है। यादव अभी भिलाई से विधायक हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां 64.34 प्रतिशत मतदान हुआ था और भाजपा के साव 1.41 लाख वोटों से जीते थे। यहां की 8 विधानसभा सीटों बिलासपुर, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बेलतरा और मस्तुरी हैं। इनमें से छह सीटें भाजपा के पास हैं, कांग्रेस दो सीटों पर ही जीत पाई थी।

जांजगीर चांपाः मुकाबला कांग्रेस के शिव डहरिया, भाजपा की कमलेश जांगड़े में

अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित जांजगीर-चांपा सीट पिछले 4 चुनाव से भाजपा के पास है। भाजपा ने सांसद गुहाराम अजगले का टिकट काटकर कामलेश जांगड़े को दिया है। कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया मैदान में हैं। यहां बसपा को भी कुछ हजार वोट मिलते हैं। पिछले चुनाव में यहां 65.58 प्रतिशत मतदान हुआ था और भाजपा 83 हजार वोटों से जीती थी। यही की 8 विधानसभा सीटों अकलतरा, जांजगीर चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, बिलाईगढ़ और कसडोल में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 7 सीटें जीती थीं, भाजपा के पास एक ही है।

सरगुजाः भाजपा के चिंतामणि महाराज का मुकाबला कांग्रेस की शशि सिंह से

अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित सरगुजा लोकसभा सीट पिछले चुनाव में भाजपा की रेणुका सिंह ने जीती थी। पार्टी ने इस बार उनकी जगह चिंतामणि महाराज को उतारा है, जो दो माह पहले ही कांग्रेस से भाजपा में आए। कांग्रेस ने शशि सिंह को मैदान में उतारा है। दोनों ही प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।  पिछले चुनाव में यहां 77.30 प्रतिशत मतदान हुआ था और भाजपा 1 लाख 57 हजार वोटों से जीती थी। सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में अंबिकापुर, लुंड्रा, सीतापुर, सामरी,रामानुजगंज, प्रतापपुर, भटगांव और प्रेमनगर विधानसभा सीटें हैं। पांच माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा सभी आठों सीटों पर विजयी हुई थी।

रायगढ़ः मुकाबला भाजपा के राधेश्याम राठिया और कांग्रेस की मेनका सिंह के बीच

अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित रायगढ़ लोकसभा सीट से सांसद गोमती साय हैं, जिन्होंने पिछला चुनाव 66 हजार वोटों से जीता। भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटकर राधेश्याम राठिया को उतारा है। खास बात ये है कि इस सीट से छत्तीसगढ़ के मौजूदा सीएम विष्णुदेव साय चार बार सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस ने इस बार मेनका देवी सिंह को चुनावी समर में उतारा है। रायगढ़ में पिछले चुनाव में 77.78 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों में जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ हैं, जिनमें भाजपा और कांग्रेस की चार-चार सीटें हैं।

 

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button