आज की खबर

IAS सुबोध कुमार सिंह होंगे मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव… सीएम साय ने दी अहम जिम्मेदारी… गुड गवर्नेंस को अब नई रफ्तार

केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति से लौटे छत्तीसगढ़ कैडर के 1997 बैच के आईएएस अफसर सुबोध कुमार सिंह को सीएम सेक्रेटरिएट (मुख्यमंत्री सचिवालय) में प्रिंसिपल सेक्रेटरी (प्रमुख सचिव) बनाया गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने आईएएस सुबोध सिंह को सीनियोरिटी तथा अनुभव के आधार पर बेहद अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इस सरकार में वे पहले प्रमुख सचिव हैं, जिन्हें सीएम सचिवालय में पदस्थ किया गया है। वे  सचिव आईएएस पी दयानंद, आईपीएस राहुल भगत और आईएएस बसवराजु एस की अनुभवी अफसरों की टीम के साथ काम करेंगे। आईएएस सुबोध कुमार सिंह की पदस्थापना के साथ ही यह तय हो गया है कि अब सीएम सेक्रेटरिएट की टीम सुशासन यानी गुड गवर्नेंस को नई रफ्तार देगी, जिस पर अब भी बेहतर काम चल रहा है।

सीएम के नए प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुबोध कुमार सिंह केंद्र सरकार की स्टील मिनिस्ट्री में सचिव के तौर पर पदस्थ थे। वे 2019 में छत्तीसगढ़ से प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए थे, जहां मोदी सरकार में उन्हें कई अहम जिम्मेदारियां दी गईं। तीन दिन पहले केंद्र सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ के लिए रिलीव किया। आईएएस सुबोध सिंह ने बुधवार को छत्तीसगढ़ शासन में ज्वाइनिंग दी। उसी समय से चर्चा थी कि उन्हें सरकार में बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। द स्तंभ ने बुधवार को ही इसकी संभावनाएं जता दी थीं। गुरुवार की शाम यही आदेश हुआ। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव बनाए जाने का आदेश जारी किया गया। बता दें कि सुबोध कुमार सिंह पांच वर्ष पहले भी सीएम सेक्रेटरिएट में बतौर सचिव रह चुके हैं। वे रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश प्रमुख जिलों के कलेक्टर रहने के साथ-साथ शासन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्हें गंभीर तथा साफ-सुथरी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। स्वभाव से लो-प्रोफाइल माने जाने वाले सुबोध सिंह की कार्यशैली पर केंद्र सरकार भी मुहर लगा चुकी है। सूत्रों के अनुसार वे मंत्रालय में पांचवे फ्लोर पर बैठेंगे और सोमवार से काम शुरू करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button