सीएम साय की पहल पर खुली नौकरियां… वन विभाग ने खेल कोटे से निकाले 41 पद… बिलासपुर में 465 होमगार्ड होंगे भर्ती
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सरकारी विभागों में तृतीय और चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की पहल की है। सीएम साय की इस पहल पर सबसे पहले वन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग में खिलाड़ियों को कोटे से 41 वनरक्षकों (फारेस्ट गार्ड) की भर्ती प्रक्रिया शुरू करवा दी है। अलग-अलग खेलों के माहिर खिलाड़ियों के लिए वनरक्षकों के 41 पद निकाले गए हैं, जिनकी भर्ती प्रक्रिया 23 सितंबर तक चलेगी। इधर, बिलासपुर में एक दशक बाद 465 होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया 16 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी। होमगार्ड की भर्ती 10 साल बाद हो रही है। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकृत सूत्रों ने बताया कि खेल कोटे से की जाने वाली वनरक्षकों की भर्ती में हॉकी खिलाड़ियों के लिए 3 पद, क्रिकेट के लिए 2, बैडमिंटन के लिए 2, शूटिंग के लिए 1, वॉलीबॉल के लिए 7, बास्केटबॉल के लिए 4, तैराकी के लिए 1, फुटबॉल के लिए 3, भारोत्तोलन के लिए 5, कबड्डी के लिए 6 और एथलेटिक्स के लिए वनरक्षकों के 7 पद निकाले गए हैं। चयन प्रक्रिया का ब्योरा वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर है। वन मंत्री कश्यप के मार्गदर्शन में वनरक्षक भर्ती की चयन प्रक्रिया रायपुर के प्रमुख खेल स्थलों और मैदानों में आयोजित होगी। भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण वन अफसरों की समिति, विभाग के नोडल अधिकारियों और संबंधित खेल संघों के प्रतिनिधि करेंगे। खिलाड़ियों का चयन उनके स्टैमिना और खेल कौशल के आधार पर किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ और शारीरिक रूप से सक्षम उम्मीदवारों को ही इन पदों के लिए चुना जाएगा।
बिलासपुर संभाग के जिलों से भर्ती होंगे होमगार्ड
सीएम साय के निर्देश पर एक दशक बाद बिलासपुर संभाग के जिलों के लिए होमगार्ड के 465 पदों पर भर्ती की जाएगी। भरनी परसदा स्थित अग्निशमन एवं एसडीआरएफ मैदान पर 16 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। नगर सैनिकों के 465 पदों के लिए लगभग 21 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किए हैं। बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने इस मैदान में तैयारी शुरू करवा दी है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के डीआईजी एसके ठाकुर ने बताया कि स्वीकृत 465 पदों में से 200 पद नगर सैनिकों के और 265 पद महिला छात्रावासों में महिला नगर सैनिकों के हैं। प्रतिदिन लगभग 1500 उम्मीदवारों की दक्षता परीक्षा मैदान में होगी। दक्षता परीक्षा 100 अंकों की होगी। पुरूष उम्मीदवारों के लिए 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, लम्बी कूद और ऊंची कूद होगी। महिला उम्मीदवारों के लिए 100 मीटर दौड़ को छोड़कर शेष तीनों प्रतियोगिताएं होंगी। नगर सैनिकों के 200 पदों में से बिलासपुर जिले के लिए 75 पद तथा मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले के लिए 25-25 पद शामिल हैं। सभी उम्मीदवारों को तिथिवार कॉल-लेटर जारी किया गया है। उम्मीदवारों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीयन, एनसीसी-सी सर्टिफिकेट, हैवी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस तथा उच्चस्तरीय खेल प्रमाणपत्रों के साथ पहुंचना होगा।