सुशासन कनेक्ट : छत्तीसगढ़ के अंदरूनी गांवों में अब सुविधाएं सबसे पहले… 18-25 मई तक “सबसे दूर सबसे पहले” अभियान

सीएम विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार बहुत दूरस्थ और अंदरूनी गांवों में सुविधाएं पहुंचाने के लिए 18 से 25 मई तक “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान प्रदेश के 8 हजार से ज़्यादा गांवों में चलेगा। इसके तहत गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पोषण और पेयजल जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। अधिकारी गांवों में पहुंचकर जन सुनवाई करेंगे। “आदि सेवा केन्द्रों” में शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान पीएम जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) के 1544 तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के 6691 गांवों में संचालित होगा। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार रायपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में अभियान के तहत सिकल सेल और टीबी जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। डिजिटल मॉनिटरिंग के तहत प्रतिदिन फोटो, वीडियो और लाभार्थियों के बयान “आदि प्रसारण” पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। शासन ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, एनएसएस, एनसीसी और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का समन्वय “सुशासन तिहार” और “जनजातीय गरिमा उत्सव” से भी किया जाएगा।



