महादेव सट्टे के चार पैनल श्रीलंका में एक्टिव, बर्खास्त सिपाही के ग्रुप में रायपुर वाले भी

- ईओडब्लू ने पचमढ़ी से गिरफ्तार करने के बाद बर्खास्त सिपाही अर्जुन यादव को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया
आर्थिक अपराध अन्वेषण विंग (ईओडब्लू) की गिरफ्त में आए बर्खास्त सिपाही अर्जुन यादव ने खुलासा किया कि वह महादेव बुक सट्टे के 20 चैनल चला रहा था। इनमें चार पैनल श्रीलंका में चल रहे हैं और बाकी भारत में। इन पैनल्स से जुड़े 200 से ज्यादा बैंक अकाउंट मिले हैं, जिनमें अभी तकरीबन 3 करोड़ रुपए जमा हैं। सभी खाते फ्रीज करवा दिए गए हैं। इसके अलावा ईओडब्लू ने बर्खास्त सिपाही से एक फार्च्यूनर कार भी जब्त की है, जिसे महादेव सट्टे के पैसे से ही खरीदा गया था। कुछ और जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर ईओडब्लू की टीम जांच के लिए कोलकाता भेज दी गई है। अर्जुन ने वाट्सएप के कई ग्रुप बना रहे थे, जिनमें रायपुर के भी कई लोग हैं। ईओडब्लू उनकी जानकारियां और केवायसी के जरिए बैंक अकाउंट्स का भी पता लगा रही है। यादव को दो दिन पहले ईओडब्लू ने पांच दिन की रिमांड पर लिया था। उसे तीन दिन बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।