पूर्व मेयर ढेबर डेढ़ हज़ार वोटों से भाजपा प्रत्याशी से हारे… रायपुर के 70 में से 66 वार्ड भाजपा की झोली में

रायपुर के मतगणना स्थल से बड़ी खबर यह आई है कि पूरे मेयर एजाज़ ढेबर भगवतीचरण शुक्ल वार्ड बैरनबाज़ार से बड़े मार्जिन से पार्षद चुनाव हार गए हैं। ढेबर को भाजपा उम्मीदवार अमर गिडवानी ने 1529 वोटों से हराया है। इस वार्ड में केवल भाजपा और कांग्रेस से दो ही प्रत्याशी थे। शुरुआती छह राउंड में एजाज़ ढेबर करीब सात सौ वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन बाद में तेज़ी से पिछड़ते चले गए और डेढ़ हज़ार से ज़्यादा वोटों से चुनाव हार गए। हालाकि एजाज़ की पत्नी अर्जुमन ढेबर ने बैजनाथपारा वार्ड में शुरू से बढ़त बनाई थी, जिसे बरकरार रखा। कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुमन के 1300 से ज़्यादा वोटों से चुनाव जीतने की सूचना है।
जहाँ तक शहर के 70 वार्डों का सवाल है, भाजपा ने राजधानी में सर्वकालिक रूप से ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। भाजपा के उम्मीदवार 66 वार्डों में या तो चुनाव जीत गए हैं, या फिर निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं, कांग्रेस दो या तीन वार्डों में सिमटती नज़र आ रही है। पार्टी का संख्याबल रायपुर नगर निगम में ऐसा है कि नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बना सकेगी।