पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक का मोबाइल सुबह लूटा गया, दोपहर में लुटेरा गिरफ्तार… फ़ोन और लूट में इस्तेमाल बाइक जब्त
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक का मोबाइल लूटने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से लूटा गया मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए 19 वर्षीय आरोपी का नाम मणिचंद ध्रुव (मणिकांत ध्रुव) है, जो मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा का रहने वाला है। फिलहाल रायपुर के राजीव नगर (खम्हारडीह थाना क्षेत्र) में रह रहा था। वह कभी-कभी बाइक टैक्सी (रैपिडो) चलाने का काम भी करता था।
रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी को शहर के चूनाभट्टी इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:15 से 8:15 बजे के बीच धरमलाल कौशिक अपने शासकीय निवास के पास पीडब्ल्यूडी ब्रिज (फ्लाइओवर) पर अकेले मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की बाइक और उसकी पहचान सुनिश्चित हो सकी।



