डा. मनमोहन सिंह की बड़ी बेटी ने दी मुखाग्नि… पूर्व पीएम का स्मारक बनवाएगी मोदी सरकार… शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को सूचना दी

देश में 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री डा. मनमोहन सिंह को नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी चिता पर उनकी बेटी ने मुखाग्नि दी। डा. सिंह की तीन बेटियों में बड़ी उपिंदर सिंह (65), मंझली बेटी दमन सिंह (61) और छोटी बेटी अमृत सिंह (58) अपनी मां गुरशरण कौर के साथ निगमबोध घाट पर मौजूद धीं। वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी भी पहुंचे थे। डा. मनमोहन सिंह की पार्थिव देह को उनके आवास से सुबह कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। दोपहर में शवयात्रा रवाना हुई। उनके शव के साथ वाहन पर राहुल गांधी थे।
अंत्येष्टि से पहले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्र सरकार के आग्रह किया कि डा. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की जाए। अंतिम संस्कार के तुरंत बाद मीटिंग कर मोदी सरकार की ओर से गृहमंत्री शाह ने खड़गे तथा डा. सिंह के परिजन को सूचना दी कि डा. मनमोहन सिंह का स्मारक केंद्र सरकार बनवाएगी। इसके लिए जगह का चयन और ट्रस्ट जल्दी बनाया जाएगा। गृहमंत्री शाह ने खड़गे को बताया कि यह काम तुरंत किया जा रहा है, ताकि डा. सिंह के स्मारक को जल्दी ही अंतिम रूप दिया जा सके।
बहरहाल, द स्तम्भ में दो दिन पहले डा. मनमोहन सिंह की तीन बेटियों के स्थान पर त्रुटिवश तीन बेटे प्रकाशित हो गया था, जिसका हमें खेद है।