ईडी के डिप्टी डायरेक्टर-टीम के साथ अभनपुर में धक्का-मुक्की… प्रभावशाली जमीन कारोबारी भाइयों पर FIR… भारतमाला स्कैम के छापे के दौरान विवाद
धमतरी और अभनपुर में भारतमाला स्कैम की रेड के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ईडी की शिकायत पर रायपुर के अभनपुर थाने में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के भाइयों, सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ नामजद एफ़आईआर हो गई है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह और उनकी टीम के साथ आरोपियों ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें निशाना बनाया गया और जांच प्रक्रिया को रोकने की कोशिश की गई। घटना के समय विवाद इतना बढ़ गया था कि मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिनकी मौजूदगी में 15 घंटे तक जांच चली। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने (IPC/BNS की संबंधित धाराओं) के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि ईडी ने यह छापेमारी रायपुर-विशाखापत्तनम भारतमाला परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे में अनियमितताओं के सबूत जुटाने के लिए की गई थी। ईडी ने 27 अप्रैल को रायपुर, अभनपुर, धमतरी और कुरुद में कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। इन छापों में भाजपा के सीनियर विधायक के चचेरे भाई को भी कवर किया गया है।



