छत्तीसगढ़ में लेबर का मददगार “ई-श्रम साथी” ऐप सीएम साय ने किया लांच… ये बताएगा, श्रमिकों के लिए किन प्रोजेक्ट्स में काम

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज, 28 अप्रैल को “ई-श्रम साथी” (e-Shram Saathi) मोबाइल ऐप और ‘डिजिटल लेबर चौक’ का शुभारंभ किया है। मंत्रालय में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान इस ऐप को लॉन्च किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के लाखों श्रमिकों को सशक्त बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना है। इस बैठक में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, चीफ सेक्रेटरी विकास शील और सीएम के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे।
इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत ही राज्य की अर्थव्यवस्था का आधार है, और यह ऐप उन्हें बिचौलियों से बचाकर सीधे लाभान्वित करने में मदद करेगा। “ई-श्रम साथी” ऐप से श्रमिक अपने मोबाइल पर ही उपलब्ध रोजगार के अवसरों (डिजिटल लेबर चौक) की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। श्रमिक विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का विवरण देख सकेंगे और उनके लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
ऑनलाइन पंजीयन और ई-केवाईसी
श्रमिक अपना पंजीकरण और अनिवार्य ई-केवाईसी प्रक्रिया सीधे ऐप से पूरी कर सकते हैं, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकार का लक्ष्य इस डिजिटल माध्यम से अंतिम पंक्ति के श्रमिक तक अधिकारों और लाभों को पहुँचाना सुनिश्चित करना है।



